रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज टोक्यो में अपने जापानी समकक्ष शिंजिरो कोइजुमी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की द्विपक्षीय वार्ता की। अपनी प्रारंभिक टिप्पणी में श्री सिंह ने कहा कि भारत और जापान ने रक्षा संबंधों में जो गति हासिल की है, उससे वे बेहद प्रसन्न हैं।

रक्षा मंत्री ने कहा कि दोनों देशों के बीच सहयोग के कई क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति हो रही है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि रक्षा और सुरक्षा सहयोग द्विपक्षीय संबंधों के एक अत्यंत महत्वपूर्ण स्तंभ के रूप में उभरा है। श्री सिंह ने कहा कि भारत और जापान के पास एक-दूसरे की पूरक क्षमताएं हैं और दोनों देशों को अब संयुक्त विकास, रक्षा विनिर्माण तथा दीर्घकालिक तकनीकी साझेदारी पर अधिक ध्यान केंद्रित करना चाहिए।

वहीं, जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच 2+2 मंत्रिस्तरीय बैठक में बेहद सार्थक चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जापान और भारत के आसपास का सुरक्षा वातावरण लगातार गंभीर होता जा रहा है। श्री कोइजुमी ने कहा कि इस पृष्ठभूमि में दोनों देश शांतिप्रिय राष्ट्रों के रूप में युद्धोत्तर सुलह, कानून के शासन के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता और साझा संकल्प पर निर्मित गहरे पारस्परिक विश्वास को साझा करते हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *